
नई दिल्ली: कोरोना काल किसे याद नहीं होगा। सब लोग महीनों घर में कैद हो गए थे। बाहर सब कुछ बंद था। बाजार बंद, फैक्ट्री बंद, ट्रेन बंद, फ्लाइट बंद। इस वजह से अर्थव्यवस्था के लगभग सभी क्षेत्र प्रभावित हुए। लेकिन हॉस्पिटेलिटी और टूरिज्म इंडस्ट्री तो कुछ ज्यादा ही प्रभावित हुई। लेकिन अब इस क्षेत्र में भी भारी सुधार हुआ है। लीजर के लिए देश भर में नए-नए होटल खुल रहे हैं। नए थीम पार्क और एम्यूजमेंट पार्क भी खुल रहे हैं। अब तो कार्बन न्यूट्रल एम्यूजमेंट पार्क का कंसेप्ट भी भारत में आ गया है। दिल्ली एनसीआर की एक कंपनी ने घोषणा कर दी है कि अगले महीने के अंत तक देश का पहला कार्बन न्यूट्रल एम्यूजमेंट पार्क बन कर तैयार हो जाएगा।
भारत में अभी शैशवावस्था में है यह इंडस्ट्री
भारत में एम्यूजमेंट पार्क इंडस्ट्री अभी शैशवावस्था में है। लेकिन जिस तरह से लोग इसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं, उसे देख कर लगता है कि इसका भविष्य उज्जवल है। तभी तो इस दिशा में कई औद्योगिक घराने कूद रहे हैं। साथ ही दुनिया में चल रही लेटेस्ट टेक्नोलोजी को भी भारत ला रहे हैं। इसी दिशा में कार्बन न्यूट्रल एम्यूजमेंट पार्क बनाना भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
बन रहा है देश का पहला कार्बन न्यूट्रल एम्यूजमेंट पार्क
इस समय लोगों का टूरिज्म और एम्यूजमेंट पार्क की ओर झुकाव बढ़ा है। स्थिति यह रहती है कि आपको लॉन्ग वीक एंड पर देहरादून-मसूरी, शिमला आदि जैसे टूरिस्ट स्टेशनों पर अच्छे होटल में कमरे भी नहीं मिलते। साथ ही लोग पर्यावरण के प्रति भी संवदेनशील हो रहे हैं। वे ऐसे होटल या एम्यूजमेंट पार्क को जवज्जो देते हैं जो कि पर्यावरण का कम से कम नुकसान पहुंचाते हैं। मतलब कि वे कार्बन न्यूट्रल है। इसी को देखते हुए फरीदाबाद की कंपनी स्काईजंपर स्पोर्ट्स एंड एम्यूजमेंट ने कार्बन न्यूट्रलिटी सेक्टर में काम करने वाली वर्ल्ड ऑफ सरकुलर इकोनॉमी (WOCE) से हाथ मिलाया है। कंपनी की योजना है कि अगले महीने मतलब कि जनवरी 2024 तक इसके गुड़गांव स्थित SkyJumper Trampoline Park को कार्बन न्यूट्रल बना दिया जाए।
कुल 10 एम्यूजमेट पार्क होंगे कार्बन न्यूट्रल
स्काईजम्पर स्पोर्ट्स एंड एम्यूजमेंट पार्क के सीईओ आशुतोष भट्ट का कहना है कि अगले साल के मध्य तक उनकी बड़ी योजना है। इस समय कंपनी के गुरुग्राम, दिल्ली, नोएडा, पुणे, अहमदाबाद, चेन्नई, बेंगलुरु, चंडीगढ़, लखनऊ और जालंधर में एम्यूजमेंट पार्क चल रहे हैं। इन सभी को अगले साल के छह महीने के दौरान कार्बन न्यूट्रल कर दिया जाएगा।
इंडस्ट्री में तेजी से हो रहा है ग्रोथ
फ्यूचर मार्केट इनसाइट्स (एफएमआई) का एक रिसर्च कहता है कि भारत में कोरोना के बाद एम्यूजमेंट पार्क इंडस्ट्री में तेजी से ग्रोथ हो रहा है। साल 2022 में थीम पार्क टूरिज्म मार्केट 49.1 बिलियन डॉलर के करीब था। यह साल 2032 तक बढ़ कर 166.67 बिलियन डॉलर तक पहुंच जाएगा। मतलब कि साल 2022 से 2032 तक 13% सीएजीआर का ग्रोथ। इस समय देश में उच्च गुणवत्ता वाले मनोरंजन पार्कों की भारी कमी है। इसी को देखते हुए, इस उद्योग में विकास की अपार संभावनाएं जतायी जा रही हैं। वैसे भी लोगों की बदलती सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियां एम्यूजमेंट पार्क के अनुकूल हैं।
तेजी से बढ़ रही जनसंख्या है वरदान
देश के एम्यूजमेंट पार्क इंडस्ट्री के लिए भारत की तेजी से बढ़ रही जनसंख्या वरदान है। बीते कई वर्षों से देखा गया है कि 36 से 50 वर्ष के आयु वर्ग के लोग एम्यूजमेंट पार्क में खूब जाते हैं। एक तरह से इस इंडस्ट्री के लिए प्राथमिक बाजार इसी आयु वर्ग के लोग है। ये मनोरंजन के लिए अपने बच्चों को भी अपने साथ लाते हैं। इससे थीम पार्क का स्वरूप भी बदल रहा है।