उज्जैन। उज्जैन के श्री महाकाल लोक में देश के पहले हेल्दी और हाईजीनिक फूड स्ट्रीट ‘प्रसादम’ का लोकार्पण रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया।
प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज होगा स्वास्थ्य क्षेत्र में भी मिलेंगे पर्याप्त संसाधन
उज्जैन। उज्जैन के श्री महाकाल लोक में देश के पहले हेल्दी और हाईजीनिक फूड स्ट्रीट ‘प्रसादम’ का लोकार्पण रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस फूड स्ट्रीट को 1 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इस दौरान सीएम ने ऐलान किया कि भारत सरकार प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में एक मेडिकल कॉलेज के लिए संकल्पबद्ध है। इसके साथ ही प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज हो, इस दिशा में राज्य सरकार भरपूर प्रयास करेगी। समाज के गरीब वर्ग के साथ महिलाओं, किसानों और युवाओं के कल्याण को समान महत्व देते हुए योजनाएं क्रियान्वित होंगी।
उन्होंने कहा है कि महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को इस परिसर में प्रसादम के माध्यम से हेल्दी फूड मिलेगा। अच्छे स्वास्थ्य के लिए अच्छे आहार के विचार को क्रियान्वित किया जा रहा है। जन-स्वास्थ्य रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इस नाते गत कुछ सप्ताह में खुले में खाद्यान्न सामग्री बेचने और अस्वच्छ तरीके से मांसाहार के विक्रय पर अंकुश के लिए 25 हजार से अधिक दोषी लोगों को दंडित किया है। लोगों को अच्छा स्वास्थ्य देना सरकार की प्राथमिकता है।
यादव और केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने 218 करोड़ रुपये की लागत की 187 स्वास्थ्य संस्थाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसके साथ ही महाकाल मंदिर और उज्जैन के अन्य मंदिरों में विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया गया। उज्जैन फूड स्ट्रीट के लोकार्पण से महाकाल लोक के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ और पोषण से भरपूर आहार प्राप्त होगा। महाकाल परिसर में स्मार्ट पार्किंग के निकट अवंतिका हाट का विकास हुआ है। प्रसादम के अंतर्गत श्रद्धालुओं और पर्यटकों को 900 वर्ग फीट क्षेत्र में ईट राइट इंडिया के तहत स्ट्रीट फूड उपलब्ध करवाया गया है। यहाँ काम करने वाले कर्मचारियों द्वारा एप्रिन और ग्लब्स का उपयोग किया जा रहा है। हाइजिन का विशेष ध्यान रखा गया है।
विभिन्न स्थानों पर डस्टबिन भी रखी गई है। मोबाइल फूड टेस्टिंग इकाई, डिजिटल मेनू बोर्ड की सुविधा के साथ ही प्रसादम में विभिन्न सांस्कृतिक उत्सवों का आयोजन भी होगा। केन्द्रीय मंत्री डॉ. मांडविया और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उज्जैन फूड स्ट्रीट से जुड़ी वेबसाइट और ब्रोशर का लोकार्पण भी किया। फूड स्ट्रीट के लोकार्पण के पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न सेवा प्रदाताओं से संवाद भी किया।
देश के अन्य नगरों में भी प्रारंभ होंगी फूड स्ट्रीट : मांडविया
केन्द्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि आने वाले समय में उज्जैन के बाद अन्य नगरों में इस तरह के फूड स्ट्रीट प्रारंभ किए जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी समग्र दृष्टिकोण से नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहे हैं। कोविड के दौर में उनके नेतृत्व में जो लड़ाई लड़ी गई, दुनिया उसकी गवाह है। भारत में कोविड के प्रबंधन से विश्व के बड़े देशों को भी मोदी जी की क्षमताओं का ज्ञान हुआ। आज भारत सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में प्रत्येक जिले को 100 करोड़ रूपए की राशि प्रदान कर रही है। नए भारत का निर्माण हो रहा है।