इंदौरएक घंटा पहले
- कॉपी लिंक

मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह सोमवार को हुआ। समारोह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा मैं यहां भारत का वर्तमान आैर भविष्य का क्रिकेट देख रहा हूं। मिताली राज हम सबकी आदर्श हैं। उन्होंने अपने खेल से सभी को प्रेरित किया है।
उन्होंने एक खेल जिसे पुरुष का खेल कहा जाता है, उसे स्पोर्ट्समैनशिप में बदल दिया। वे हमारे लिए एक रोलमॉडल हैं। मप्र का क्रिकेट लगातार आगे बढ़ रहा है। हमारे खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उम्मीद है हमारा यह प्रदर्शन लगातार बढ़ता रहेगा।
इस मौके पर पूर्व भारतीय महिला कप्तान मिताली राज ने कहा, मैंने कई बार इंदौर में मैच खेला है। यहां खिलाड़ी तो अच्छे हैं। साथ ही सपोर्ट स्टाफ और ग्राउंड स्टाफ भी बहुत सहयोगी है। मध्यप्रदेश क्रिकेट ने कई खिलाड़ी भारतीय टीम को दिए हैं। पुरुष ही नहीं महिला क्रिकेट में भी मध्यप्रदेश का नाम रहा है।
जब मैंने हाई स्कोर किया था तो मुझे एक पत्र भेजा गया था। वह पत्र मुझे पूर्व महिला कप्तान संध्या अग्रवाल ने भेजा था। जूनियर से सीनियर तक मुझे हमेशा सपोर्ट किया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमक रहे मध्यप्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ी
मप्र क्रिकेट एसो. (एमपीसीए) की वार्षिक साधारण सभा (एजीएम) व वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह सोमवार को हुआ। एमपीसीए ने 2.5 करोड़ के पुरस्कार दिए। कमेंटेटर पद्मश्री सुशील दोषी को माधवराव सिंधिया व पूर्व महिला कप्तान संध्या अग्रवाल को सीटी सरवटे लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया। दोनों को 5-5 लाख की सम्मान निधि भी भेंट की गई। इसके अलावा अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वालीं सौम्या तिवारी को 5 लाख, मप्र रणजी टीम को 86.9 लाख का पुरस्कार दिया। इंदौर सर्वश्रेष्ठ संभाग चुना गया।

MPCA की बैठक में पहली बार महानआर्यमन शामिल हुए।
ज्योतिरादित्य सिंधिया के बेटे व ग्वालियर डिवीजन के उपाध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने कहा प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ी भारतीय टीम में जगह बना रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक मध्यप्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। प्रदेश के खिलाड़ियों को क्रिकेट में और अधिक मौका मिले, इसके लिए जल्द ही मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग की शुरुआत की जाएगी।
हमारे खिलाड़ी चाहे वह पुरुष हो महिला, दोनों लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। फिर भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें मौका नहीं मिल पाता है। हम चाहते हैं कि प्रदेश के एक-एक खिलाड़ी को मौका मिले, जिसके लिए जल्द ही अन्य प्रदेशों की तरह मध्यप्रदेश क्रिकेट लीग की शुरुआत की जाएगी। यह फिलहाल सीनियर क्रिकेटरों के लिए होगी। उसके बाद उसे जूनियर लेवल पर शुरू किया जाएगा।