![](https://static.beescdn.com/news.myworldfix.com/2024/02/20240210114625324.jpeg?x-oss-process=image/auto-orient,1/quality,q_90/format,webp)
-उच्च विद्यालय टेपरा में मनाया किशोर स्वास्थ्य दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। राजकीय उच्च विद्यालय टेपरा में किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी ने सभी युवाओं को जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड, चिकनाई युक्त और अधिक चीनी युक्त भोजन का कम सेवन करने की अपील की।
किशोर स्वास्थ्य दिवस मुख्याध्यापिका अमरती देवी की अध्यक्षता में मनाया गया। स्वास्थ्य शिक्षक विजय कुमारी ने सभी किशोरों को किशोर स्वास्थ्य के सभी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सबल और स्वस्थ व्यक्ति ही राष्ट्र निर्माण में अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दे सकता है। युवाओं को नशा न करने की नसीहत दी गई। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य को सही रूप से विकसित करने के लिए योग, प्राणायाम, संगीत सुनना, शारीरिक श्रम करना और अच्छा भोजन लेने का आग्रह किया। उन्होंने कुष्ठ रोग के विरुद्ध चले अभियान के तहत सभी बच्चों को इसके बारे में बताया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नशे पर नाटक बच्चों ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य पर्यवेक्षक श्याम लाल, हेल्थ एजुकेटर मस्तराम, प्रियंका, अध्यापक वर्ग और अन्य उपस्थित रहे।