नवरात्र व्रत में साबूदाना नहीं खाना चाहते हैं तो ट्राई करें ये 4 हेल्दी फूड | Navratri fasting guide


नवरात्र व्रत में साबूदाना नहीं खाना चाहते हैं तो ट्राई करें ये 4 हेल्दी फूड

Navratri fasting guide: व्रत के समय ऐसा खाना चुनना चाहिए,​ जिससे आपको भरपूर एनर्जी और पोषण मिले। अधिकांश लोग व्रत में साबूदाना खाना पसंद करते हैं।



Written by Atul Modi |Updated : April 4, 2024 7:01 AM IST

मां दुर्गा की आराधना के पवित्र नौ दिन यानी चैत्र नवरात्रि 9 अप्रैल से शुरू होने जा रहे हैं। साल के सबसे शुभ दिनों में शामिल नवरात्रि के अवसर पर माता के लाखों भक्त उनकी भक्ति में नौ दिन के व्रत रखते हैं। हालांकि भीषण गर्मी के इस दौर में व्रत के दौरान आपको अपनी सेहत का खास ध्यान रखना चाहिए। व्रत के समय ऐसा खाना चुनना चाहिए,​ जिससे आपको भरपूर एनर्जी और पोषण मिले। अधिकांश लोग व्रत में साबूदाना खाना पसंद करते हैं। साबूदाने की कई डिशेज व्रत में बनाई जाती हैं। खीर से लेकर पकौड़ी तक, टिक्की से लेकर खिचड़ी तक इसके कई विकल्प हैं। हालांकि साबूदाने में स्टार्च और कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में होता है, लेकिन इसमें बाकी पोषक तत्वों की कमी होती है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी ज्यादा होता है, जिससे ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे में आपको व्रत के खाने के हेल्दी विकल्पों का अपनाना चाहिए। क्या हैं ये विकल्प, आइए जानते हैं।

1. राजगिरा का आटा

राजगिरा के आटे को अमरंथ भी कहा जाता है। यह आटा काफी पौष्टिक होता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन और जरूरी विटामिन होते हैं। व्रत में राजगिरा के आटे से बनी डिशेज खाने से आपको भरपूर पोषण मिलेगा। यह आपकी मांसपेशियों को भी ताकत देगा। साथ ही उन्हें रिपेयर करने में भी मददगार होगा। खास बात ये है कि ये ग्लूटेन-फ्री होता है ऐसे में ग्लूटेन सेंसिटिव लोगों के लिए यह अच्छा ऑप्शन है। आप इसकी पूरियां, पकौड़े और हलवा भी बना सकते हैं। इसके लड्डू भी बनाए जाते हैं।

2. सिंघाड़े का आटा

व्रत के दौरान कई बार ब्लड शुगर बढ़ने की समस्या हो सकती है। इस परेशानी से सिंघाड़े का आटा आपको राहत दिला सकता है। यह ग्लूटेन-फ्री आटा कई पौष्टिक तत्वों का पावर हाउस है। यह​ आपकी ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखता है। इसी के साथ यह शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का बैलेंस बनाए रखता है। पोटेशियम से भरपूर इस आटे को खाने से आपको कमजोरी महसूस नहीं होगी। यह आपकी मांसपेशियों को भी ताकत देता है। सिंघाड़े के आटे की भी कई टेस्टी डिशेज बनती हैं।

Also Read

More News

3. कुट्टू का आटा

कुट्टू का आटा फलाहारी खाने के लिए एक अच्छा विकल्प है। यह एक पौष्टिक अनाज है, जिसमें प्रोटीन और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट भरपूर मात्रा में होती है। इसमें मौजूद शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट हार्ट के लिए अच्छे रहते हैं। यह शरीर की सूजन कम करता है। कुट्टू के आटे से बनी डिशेज खाने से आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहता है, जिससे आपको बार—बार भूख नहीं लगती है। इसे खाने से आपको तृप्ती महसूस होती है। आप इसकी पूरियां, कोफ्ते, डोसा आदि बना सकते हैं।

4. शकरकंद का आटा

शकरकंद एक सुपर फूड है और आप आराम से व्रत में इसका सेवन कर सकते हैं। शकरकंद का आटा भी आसानी से मिल जाता है और आप इसकी कई डिशेज बना सकते हैं। बीटा कैरोटीन से भरपूर होने के कारण यह आपको पूरा पोषण देता है। डायबिटीज से पीड़ित लोग भी इसका सेवन आराम से कर सकते हैं। यह आपके एनर्जी लेवल को बढ़ाता है और पोषण भी देता है। फाइबर रिच होने के कारण यह लंबे समय तक आपका पेट फिल रखता है।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *