एक अच्छे दिन की शुरुआत के लिए अच्छा नाश्ता बहुत जरूरी है। अगर आप कुछ हेल्दी खाते हैं, तो यह आपको पूरे दिन ऊर्जा से भरपूर रखता है, लेकिन इसके विपरीत, अगर आप अपने दिन की शुरुआत अन्हेल्दी चीजों को खाकर करते हैं, तो इससे आपका पूरा दिन खराब हो सकता है। कमाल की बात यह है कि अधिकतर लोग यही गलती करते हैं।
अक्सर देखा जाता है कि लोग सुबह के नाश्ते में पराठे, पूरी सब्जी, ब्रेड जैम और ब्रेड-मक्खन जैसी अन्हेल्दी चीजों का सेवन करते हैं, जो खाने में तो टेस्टी होती हैं लेकिन पोषण के मामले में जीरो होती हैं। Detoxpri की फाउंडर एंडहोलिस्टिक न्यूट्रिशनिस्ट प्रियांशी भटनागर आपको बता रही हैं कि आपको नाश्ते में किन-किन चीजों को खाने से बचना चाहिए।
फ्रूट्स जूस

ज्यादातर लोगों का मानना है कि दिन की शुरुआत करने के लिए फ्रूट्स जूस अच्छा ऑप्शन है लेकिन ये बात पूरी तरह से सही नहीं है। दरअसल, फलों के जूस में फाइबर नहीं होता है, जिसके कारण सुबह सबसे पहले इसे पीने से आपका ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। इस प्रकार, यह डायबिटीज और चयापचय संबंधी विकारों से पीड़ित लोगों के लिए विशेष रूप से हानिकारक हो सकता है। दिन की शुरुआत फलों के रस की बजाय नींबू पानी, खीरे का रस, सत्तू आदि से करनी चाहिए।
ब्रेकफास्ट में इस तरह के कॉम्बिनेशन को खाने से बचें, देखें वीडियो
पेनकेक्स और वफ़ल

अक्सर लोग नाश्ते के लिए ऐसे ऑप्शन चाहते हैं, जो जल्दी तैयार हो जाएं और टेस्ट भी हों। पैनकेक और वफ़ल इन्हीं ऑप्शन में से एक हैं, जिन्हें कई लोग नाश्ते में खाना पसंद करते हैं। हालांकि यह भी आपके दिन की शुरुआत करने के लिए एक अच्छा ऑप्शन नहीं है। सुबह-सुबह इन्हें खाने से आपको पूरे दिन अनहेल्दी फूड्स खाने की इच्छा हो सकती है, जिससे आपकी ऊर्जा कम हो सकती है।
चाय

कई लोगों के दिन की शुरुआत एक कप चाय से होती है। लोगों को सुबह-सुबह चाय पीने की ऐसी आदत होती है कि कई बार इसके बिना उन्हें असहजता महसूस होने लगती है। हालांकि दिन की शुरुआत करने के लिए चाय काफी ख़राब तरीका है। सुबह-सुबह इसे पीने से सेहत को कई नुकसान होते हैं। इससे आपको एसिडिटी, पेट में जलन जैसी समस्या हो सकती है और इससे ब्लड शुगर भी बढ़ सकता है।
ब्रेकफास्ट सेरेल्स

सेरेल्स कई लोगों का पसंदीदा नाश्ता बनता जा रहा है। लोगों का मानना है कि यह नाश्ते के लिए एक हेल्दी विकल्प है। हालांकि ये बात पूरी तरह सच नहीं है। इमसें शुगर की अधिक मात्रा होती है और इसमें फाइबर की कमी होती है।
कॉफी

अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो अपने दिन की शुरुआत एक कप कॉफी से करते हैं तो अपनी इस आदत को तुरंत बदल लें। सुबह सबसे पहले कॉफी पीने से कोर्टिसोल लेवल बढ़ सकता है, जो हार्मोनल बैलेंस पर प्रभाव डाल सकता है जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और कई अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। विशेषज्ञों का सुझाव है कि सुबह उठते ही कॉफी पीने की बजाय इसे नाश्ते के बाद पीने की कोशिश करें।
वाइट ब्रेड टोस्ट

सफेद ब्रेड में साबुत अनाज में पाए जाने वाले फाइबर और पोषक तत्वों की कमी होती है। इसे जैम या बटर के साथ मिलाने से इसमें शुगर और फैट की मात्रा बढ़ जाती है। इसमें मैदा की मात्रा होती है और फाइबर नहीं होते हैं।
पूरी-पराठा

भारतीय घरों में सुबह नाश्ते में पूरी-पराठा खाना आम बात है। इसमें तेल की मात्रा अधिक होती है। इतना ही नहीं, इनमें सैचुरेटेड फैट, सोडियम और ऑयली की अधिक मात्रा के कारण यह किसी भी तरह स्वास्थ्य के लिए बढ़िया ऑप्शन नहीं है।
एनर्जी ड्रिंक्स और फ्रोजन पेस्ट्री

कुछ लोग नाश्ते में एनर्जी ड्रिंक्स लेना पसंद करते हैं लेकिन इन ड्रिंक्स में अक्सर कैफीन और शुगर की अधिक मात्रा होती है। इसी तरह पहले से पैक की गई फ्रोजन ब्रेकफ़ास्ट पेस्ट्री खाने में लावाजब होती हैं लेकिन इनमें भी शुगर और फैट की अधिक मात्रा होती है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।