बदलते मौसम में बदलें अपनी डाइट, जानिए ऐसे 7 तरह के फूड जिन्हें अपनी डाइट में जरूर करें शामिल


बदलते मौसम में बदलें अपनी डाइट, जानिए ऐसे 7 तरह के फूड जिन्हें अपनी डाइट में जरूर करें शामिल

शोध बताते हैं कि जैसे-जैसे मौसम गर्म होता है, भूख कम लगने लगती है। इस मौसम में खराब बैक्टीरिया विकसित होने की आशंका बढ़ जाती है।



Written by Atul Modi |Published : February 1, 2024 3:26 PM IST

कड़ाके की सर्दी का दौर धीरे-धीरे खत्म हो रहा है और अब मौसम की गाड़ी चल पड़ी है अपने अगले जंक्शन यानी गर्मी के मौसम की ओर। हालांकि मौसम का यह परिवर्तन अपने साथ कई बीमारियां और संक्रमण भी लाता है। शोध बताते हैं कि जैसे-जैसे मौसम गर्म होता है, भूख कम लगने लगती है। इस मौसम में खराब बैक्टीरिया विकसित होने की आशंका बढ़ जाती है, जो दस्त, उल्टी, पेट में सूजन, गैस, अपच जैसी कई आंत संबंधी बीमारियों का कारण बन जाते हैं। इसलिए बहुत जरूरी है कि गर्मियों में आप अपने आहार पर खास ध्यान दें। इस मौसम में ताजा, पोषक और संतुलित भोजन का सेवन करना जरूरी है। आइए जानते हैं वो कौनसे फूड्स हैं, जो आपकी आंतों को हेल्दी रखते हैं।

1. फाइबर से भरी सब्जियां

गर्मी के दिनों में अपनी डाइट में हाई फाइबर वाली सब्जियों को जरूर शामिल करें। ये सब्जियां न सिर्फ आपको भरपूर पोषण देंगी, बल्कि ये आपकी आंतों को कई बैक्टीरिया से भी बचाएंगी। इसलिए भोजन में पत्तेदार सब्जियां, खीरा, ब्रोकोली, गाजर आदि को शामिल करें।

2. प्रोबायोटिक है जरूरी

गर्मियों में दही-छाछ आदि के सेवन को अमृत माना जाता है। क्योंकि इनमें प्रोबायोटिक गुण होते हैं, जिससे आंतें सेहतमंद रहती हैं। ये लाभकारी बैक्टीरिया आपके पाचन को सुधारते हैं और इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं। इसलिए प्रोबायोटिक खाने को अपनी डाइट में शामिल करें। दही-छाछ के साथ ही किमची, डोसा-इडली, कोम्बुचा इसके टेस्टी विकल्प हैं।

Also Read

More News

3. मौसमी फल रखेंगे सेहतमंद

हमारे बड़े-बुजुर्ग हमेशा कहते हैं कि मौसम के अनुसार फलों का सेवन करना जरूरी है। अब साइंस भी इस बात को मानती है। दरअसल, प्रकृति ने फलों की रचना ही मौसम के अनुसार की है। अगर आप इसी के अनुसार इनका सेवन करेंगे तो आपको पूरा फायदा मिलेगा। इसलिए गर्मियों में खरबूजा, तरबूज, जामुन जैसे मौसमी फल खाएं। इनसे आपको फाइबर, पानी के साथ ही कई एंटीऑक्सीडेंट भी मिलेंगे। इनसे आंतें सेहतमंद रहेंगी।

4. साबुत अनाज के हल्के विकल्प चुनें

वैसे तो साबुत अनाज हर मौसम में ही आपके लिए सेहतमंद होते हैं, लेकिन गर्मियों में हल्के साबुत अनाज का सेवन और भी जरूरी हो जाता है। फाइबर से भरे साबुत अनाज आपकी पेट संबंधी कई परेशानियां दूर करके आंतों को सेहतमंद रखते हैं। इसलिए अपनी डेली डाइट में ओट्स, क्विनोआ, ब्राउन चावल और जौ जैसे हल्के विकल्प ​चुनें।

5. पर्याप्त पानी पिएं

गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखना बहुत जरूरी हो जाता है। इसलिए मौसम में बदलाव के साथ पानी के सेवन की मात्रा भी बढ़ाएं। इससे आपका पाचन तंत्र सुधरेगा। आपकी आंतें पोषक तत्वों को अच्छे से अवशोषण कर पाएंगी। ​इसलिए दिन में कम से कम तीन से चार लीटर पानी का सेवन करें। नारियल पानी, नींबू पानी, फलों का रस आदि का सेवन करें।

6. प्रीबायोटिक खाद्य पदार्थ

प्रोबायोटिक खाद्य पदार्थों के साथ ही गर्मियों में शरीर के लिए प्रीबायोटिक खाद्य पदार्थ भी जरूरी हैं। ये शरीर में लाभकारी बैक्टीरिया को विकसित करते हैं। इसलिए अपनी डाइट में प्याज, लहसुन और शतावरी आदि को शामिल करें।

7. तुलसी, पुदीना जरूरी

गर्मी के मौसम में आंतों को स्वस्थ और खुद को तरोताजा रखने के लिए बहुत जरूरी है कि आप कुछ जड़ी बूटियों का नियमित सेवन करें। तुलसी, पुदीना, सीताफल इन्हीं में से एक हैं। इनसे पाचन में सुधार होता है। आप चाहें तो समय समय पर अदरक और हल्दी की चाय का सेवन भी कर सकते हैं।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *