वनडे विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड्स पर एक नजर


वनडे विश्व कप में भारतीय क्रिकेट टीम के पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड्स पर एक नजर 



खेलकूद

September 23, 2023 | 01:26 pm
1 मिनट में पढ़ें

वनडे विश्व कप 2023 में भारत और पाकिस्तान के बीच 14 अक्टूबर को भिड़ंत होगी (तस्वीर: X/@ICC)

वनडे विश्व कप 2023 की शुरुआत 5 अक्टूबर से भारत में होने जा रही है। भारतीय क्रिकेट टीम अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में भिड़ेगी।

मेजबान भारत और पाकिस्तान के बीच इस सबसे बड़े टूर्नामेंट में कई यादगार मुकाबले खेले गए हैं। इस बार भी दोनों के बीच रोचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।

आइए विश्व कप में भारत के पाकिस्तान के खिलाफ विशेष आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

वनडे विश्व कप में भारत ने पाकिस्तान को 7 बार हराया 

भारत ने वनडे विश्व कप में पाकिस्तान क्रिकेट टीम खिलाफ अब तक खेले गए अपने सभी 7 मुकाबले जीते हैं।

इनमें 2011 संस्करण में सेमीफाइनल और 1996 संस्करण में क्वार्टर फाइनल जीत भी शामिल है।

विश्व कप में केवल वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान के खिलाफ (11 मैचों में 8) भारत से अधिक मैच जीते हैं।

दोनों टीमें आखिर बार विश्व कप 2019 में भिड़ी थीं तब भारत ने पाकिस्तान को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 89 रन से हराया था।

विश्व कप में उच्चतम और न्यूनतम स्कोर 

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में उच्चतम स्कोर (336/5) 2019 संस्करण में बनाया था।

भारत ने 2015 संस्करण में भी पाकिस्तान के खिलाफ 300 रन का आंकड़ा (300/7) पार किया था। विश्व कप में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ न्यूनतम स्कोर (216/7 रन, 1992) है।

पाकिस्तान का भारत के खिलाफ सर्वोच्च विश्व कप स्कोर (273/7) 2003 में आया था। इसी तरह पाकिस्तान का भारत के खिलाफ न्यूनतम स्कोर 173 रन का है, जो 1992 संस्करण में आया था।

भारत की ओर से रोहित ने खेली सबसे बड़ी पारी 

भारत की ओर से विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ सर्वाधिक रन पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (313) ने बनाए हैं।

सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड वर्तमान कप्तान रोहित शर्मा (140 रन, 2019) के नाम दर्ज है।

पाकिस्तान के लिए पूर्व बल्लेबाज सईद अनवर के नाम विश्व कप में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा रन (185) दर्ज हैं।

वह भारत के खिलाफ पाकिस्तान के एकमात्र विश्वकप शतकवीर (101 रन, 2003) भी हैं।

वेंकटेश प्रसाद ने लिए पाकिस्तान के खिलाफ सर्वाधिक विकेट 

विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ वेंकटेश प्रसाद (8) सबसे अधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं।

वह विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ (5/27, 1999) 5 विकेट हॉल लेने वाले एकमात्र भारतीय भी हैं।

मोहम्मद शमी (4/35) ने विश्व कप के 2015 संस्करण में पाकिस्तान के खिलाफ 4 विकेट लिए हैं।

पाकिस्तान के लिए वहाब रियाज ने भारतीय टीम के खिलाफ विश्व कप में सबसे अधिक विकेट (7) लिए हैं।

न्यूजबाइट्स प्लस

वहाब विश्व कप नॉक-आउट मैचों में भारत के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले एकमात्र गेंदबाज हैं। 2011 संस्करण के सेमीफाइनल में उन्होंने शानदार प्रदर्शन (5/46) किया था। सोहेल खान (5/55, 2015) पाकिस्तान के एकमात्र अन्य गेंदबाज हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ ऐसा किया है।


इस खबर को शेयर करें


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *