सीतापुर समेत अन्य केंद्रों के ध्यानार्थ : तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को मारी टक्कर, एक की मौत


संशोधित

तेज रफ्तार कार ने छह लोगों को रौंदा, एक की मौत, पांच घायल

– कोतवाली फेज-2 क्षेत्र में रात एक बजे हुआ हादसा, घायलों में तीन की हालत गंभीर

– प्लास्टिक का सामान बनाने वाले कंपनी से घर लौट रहे थे कर्मचारी

माई सिटी रिपोर्टर

नोएडा। सेक्टर-83 में शनिवार आधी रात को तेज रफ्तार कार ने कंपनी से पैदल लौट रहे छह कर्मचारियों को टक्कर मार दी। हादसे में मूलरूप से सीतापुर के लहरपुर गांव निवासी इस्लाम (22) की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में इस्लामुद्दीन, तौसिफ और इमामुद्दीन की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं मामूली रूप से घायल शईक और तालिब को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कोतवाली फेस टू पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार की तलाश में जुट गई है।

कोतवाली फेज-2 स्थित प्लास्टिक का सामान बनाने वाली कंपनी में काम करने वाले छह कर्मचारी शिफ्ट खत्म होने के बाद शनिवार रात करीब 1:15 बजे घर जा रहे थे। सेक्टर-83 में एप्पल कंपनी के सामने सफेद रंग की तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान इस्लाम ने दम तोड़ दिया। वहीं पांचों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल तीन को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

नोएडा सेंट्रल जोन के एडीसीपी हृदयेश कठेरिया के मुताबिक घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही कार और चालक की पहचान कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

करीब 15 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे घायल

शनिवार रात को हुए हादसे के बाद घायल छह कर्मचारी सड़क पर करीब 15 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल युवकों ने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त कार की रफ्तार तेज थी। उन्होंने बचने की कोशिश की मगर असफल रहे।

कार की टक्कर से ऑटो चालक घायल

नोएडा। सेक्टर-62 के पास एक कार की टक्कर से ऑटो चालक घायल हो गया। घायल चालक जलपुरा निवासी आकाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह साढ़े पांच बजे के करीब सेक्टर-62 में कार ने पीछे से ऑटो में टक्कर मार दी थी। हादसे में घायल आकाश की स्थिति गंभीर बनी हुई है। ब्यूरो


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *