सेहतनामा- लंबा जीवन संयोग नहीं, हेल्दी लाइफ-स्टाइल है: हम क्या खाते हैं, कितना प्यार करते हैं, इससे तय होती है हमारी सेहत


एक घंटा पहलेलेखक: राजविक्रम

  • कॉपी लिंक

हाल ही में एक अमेरिकी बिजनेसमैन ब्रायन जॉनसन काफी चर्चा में थे। सोशल मीडिया से लेकर समाचारों तक में उनकी चर्चा हो रही थी। लेकिन चर्चा का विषय उनका बिजनेस या वेल्थ नहीं था। ब्रायन के सुर्खियों में आने की वजह थी, उनका हमेशा जवां रहने का जुनून।

दरअसल जवान रहने के लिए ब्रायन खुद पर ही कई अनोखे प्रयोग कर रहे हैं। वो 100 तरह के सप्लीमेंट्स और गोलियां खाते हैं। लेजर से अपनी त्वचा की झुर्रियां कम करते हैं। दिमाग को शांत रखने के लिए हाइटेक मशीन से खुद को माइक्रो शॉक देते हैं।

इसी सब के चलते तमाम लोग उन्हें सिरफिरा भी समझते हैं। हालांकि उनके इन तरीकों में बहुत सारी चीजें ऐसी हैं, जिसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है, लेकिन मशीनों और दवाओं से इतर वो रेगुलर एक्सरसाइज के साथ बहुत सारे फल और सब्जियां भी अपनी डाइट में शामिल करते हैं।

साथ ही हल्दी, अदरक और दालचीनी जैसे सप्लीमेंट्स भी उनकी डाइट का अहम हिस्सा हैं। खैर, उनके जवान रहने के तरीकों पर तो बहस चल ही रही है। लेकिन क्या कुछ ऐसे भी वैज्ञानिक तरीके हैं, जिनसे उम्र बढ़ाई जा सकती है या फिर समय से पहले आने वाले बुढ़ापे से बचा जा सकता है? आइए समझते हैं।

वैज्ञानिक लंबी जिंदगी और लाइफस्टाइल पर सालों से रिसर्च कर रहे हैं। कई रिसर्च में इसके कई तरीके भी सुझाए गए हैं। जिसमें से कई तरीके ब्रायन भी फॉलो करते हैं। बहरहाल ब्रायन का ये प्रयोग उम्र बढ़ाने में कितना असरदार होगा, ये तो वक्त ही बताएगा।

लेकिन कुछ आसान से वैज्ञानिक तरीके हैं, जिनसे बिना महंगी मशीनों और दवाओं के हम भी अपनी उम्र लंबी कर सकते हैं।

1. आपका हारा हाची बू पॉइंट क्या है?

जापान के ओकिनावा शहर के लोग अपनी लंबी उम्र के लिए दुनिया भर में जाने जाते हैं। ओकिनावा शहर के लोगों की एक फिलोसोफी है, ‘हारा हाची बू’ मतलब भोजन 80% पेट भरने तक ही खाना चाहिए।

चाहे आप कितना भी हेल्दी खाना खा रहे हों, जरूरत से ज्यादा कैलोरी सेहत की दुश्मन बन सकती हैं क्योंकि एक्स्ट्रा कैलोरी शरीर में फैट के रूप में जमा होती है। इससे तमाम बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए हेल्दी खाने के साथ अपना ‘हारा हाची बू’ पॉइंट पहचानें और पेट पूरा भरने से पहले ही रुक जाएं।

ये है ओकिनावा डाइट-

  • सब्जियां (58–60%): शकरकंद ,बम्बू शूट्स, मूली ,खरबूजा, पत्ता गोभी, गाजर, कद्दू और हरा पपीता
  • अनाज (33%): मिलेट्स(ज्वार-बाजरा), गेहूं और चावल
  • सोया (5%): टोफू और मिसो
  • मीट और सी फूड (1–2%): मछली, झींगे और कभी-कभार रेड मीट
  • अन्य (1%): चाय, मसाले, काढ़ा और सूप

2. हल्दी हो सकती है कारगर

इंफ्लेमेशन यानी अंदरूनी सूजन, जो कैंसर, अस्थमा, डायबिटीज जैसी तमाम अनचाही बीमारियों की जड़ हो सकती है। कैंसर और डायबिटीज जैसी नॉन कम्युनिकेबल बीमारियां हर साल 4 करोड़ लोगों को अपना शिकार बनाती हैं। समय से पहले होने वाली 74% मौतों के लिए यही बीमारियां जिम्मेदार हैं।

लेकिन इससे बचने का एक उपाय हमारे घर में ही है। हल्दी में करकुमीन नाम का एक केमिकल पाया जाता है, जिसमें एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी एक रिसर्च में देखा गया कि हल्दी इंफ्लेमेशन घटाने और इन बीमारियों का खतरा कम करने में कारगर हो सकती है। इससे उम्र भी बढ़ सकती है।

3. नींद में संतुलन है बेहद जरूरी

नींद की जरूरत के बारे में तो सभी जानते हैं, लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि रोजाना कम नींद लेना समय से पहले मौत का खतरा भी बढ़ा सकता है। मेडिकल जर्नल स्लीप में छपी एक रिसर्च में देखा गया कि रोज 5-7 घंटे से कम नींद लेने की वजह से समय से पहले मौत का खतरा 12% तक बढ़ सकता है।

वहीं ज्यादा सोना भी खतरनाक है। ये भी देखा गया कि रोजाना 8-9 घंटे से ज्यादा सोने से उम्र 38% तक कम हो सकती है। इसलिए लंबी जिंदगी के लिए नींद में संतुलन रखना और एक ही समय पर सोना-जागना बेहद जरूरी है।

4. अपनी खुशी को रखें सबसे ऊपर

कम उम्र में खुश और पॉजिटिव रहने का हमारी उम्र पर क्या असर पड़ता है, ये जानने के लिए एक अनोखी रिसर्च हुई। जिसमें 180 ईसाई नन्स की करीब 22 साल की उम्र में लिखी डायरियों का अध्ययन किया गया। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी इस रिसर्च में देखा गया कि जो नन कम उम्र में खुश और पॉजिटिव थीं, उनकी जिंदगी 75-95 साल तक लंबी थी।

5. स्ट्रेस से नाता तोड़ें

स्ट्रेस का हमारे दिल और दिमाग पर स्मोकिंग जैसा खतरनाक असर हो सकता है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी एक रिसर्च में ये भी देखा गया कि स्ट्रेस की वजह से हार्ट अटैक, स्ट्रोक और लंग कैंसर जैसी बीमारियों का खतरा दोगुना हो सकता है।

इसलिए स्ट्रेस से नाता तोड़ें या फिर स्ट्रेस मैनेज करें। ये आप को हेल्दी रखने के लिए शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म दोनों में फायदेमंद होगा।

6. स्मोकिंग को कहें टाटा

स्मोकिंग से उम्र कम होती है, ये हम जानते हैं लेकिन कितनी? नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में छपी एक रिसर्च के मुताबिक स्मोकिंग से आपकी उम्र 10 साल तक कम हो सकती है। वहीं अमेरिकन जर्नल ऑफ पब्लिक हेल्थ में छपी एक रिसर्च में देखा गया कि 35 साल की उम्र में भी स्मोकिंग को अलविदा कहना जिंदगी में 8.5 साल का इजाफा कर सकता है।

हम समझ सकते हैं कि लंबी और स्वस्थ जिंदगी जीना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। ये कुछ आसान सी लाइफस्टाइल की आदतें आपको जिंदगी भर खतरनाक बीमारियों से बचा सकती हैं। इसलिए अच्छा खाएं, कसरत करें और स्ट्रेस कंट्रोल में रखकर हेल्दी रहें।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *