सोशल मीडिया में सागर से मिला मनोरंजन, फिर बना ‘स्मोक अटैक’ का प्लान; संसद में हंगामे पर अब तक क्या हुआ


द फॉलोअप डेस्कः
आज संसद की कार्यवाही के दौरान दो युवक दर्शक दीर्घा से सदन के अंदर कूद गये। इसके बाद अफरा तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते दोनों एक बेंच से कूदकर दूसरे पर छलांग लगाते हुए आगे बढ़ने लगे। इतने में उन्होंने अपने जूते से स्प्रे भी निकाल लिया और छिड़कने लगे। थोड़ी ही देर में संसद में धुआं भर गया। इसी दौरान एक और घटना संसद के बाहर घटी जहां एक युवक-युवती नारेबाजी कर रहे थे। उनदोनों ने भी स्प्रे का छिड़काव कर दिया। इससे पार्लियामेंट में हड़कंप मच गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है।


चारों एक-दूसरे को जानते हैं 
सदन के अंदर कूदने वाले का नाम सागर और मनोरंजन हैं। जबकि सदन के बाहर नारेबाजी करने वालों का नाम नीलम और अनमोल शिंदे हैं। ऐसी सूचना है कि चारों आरोपी एक-दूसरे से परिचित हैं। इन आरोपियों ने संसद पर हमले का प्लान बनाया था। चारों सोशल मीडिया के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। जानकारी मिली है कि संसद के बाहर पकड़े गए दो लोग नीलम और अमोल मोबाइल फोन नहीं ले जा रहे थे। उनके पास कोई बैग या आईडी नहीं थी। उनका दावा है कि वे खुद संसद पहुंचे और उन्होंने किसी भी संगठन से जुड़ने से इनकार किया है. पूछताछ के लिए पुलिस एक विशेष टीम बना रही है। सागर शर्मा लखनऊ और मनोरंजन मैसूर का रहने वाला पता चला है। चारों के मोबाइल का काल डिटेल निकाल सभी एजेंसियां इनके नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। इन चारों के पारिवारिक और फ्रेंड सर्किल के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।


आरोपी लड़की का भाई क्या बोला?
आरोपी नीलम के भाई ने हैरानी जताई है। उन्होंने कहा, नीलम मेरी बड़ी बहन है, हमें नही पता कि वह दिल्ली गई है। हमें पता था वो हरियाणा के हिसार में पढ़ाई कर रही है। मंगलवार को वह घर आई थी। उसने बीए, एमए, बीए़ड और कैट क्वॉलिफाई किया हुआ है। उन्होंने कहा, मेरी बहन बेरोजगारी का मुद्दा उठाती रही है। वह किसान आंदोलन में भी गई थी। पिछले 5 महीने से वह हिसार में ही रह रही थी। हमें मालूम नहीं कि वह दिल्ली गई हुई है। हमारे पिता पेशे से हलवाई हैं और दोनों भाई दूध का काम करते हैं। बेरोजगारी मुद्दा तो है ही लेकिन हम उससे पूछेंगे कि ऐसा उसने क्यों किया। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *