copper rich foods for brain | मस्तिष्क के विकास के लिए जरूरी है कॉपर युक्त आहार, जानिए इसके फूड सोर्स


मस्तिष्क के विकास के लिए जरूरी है कॉपर युक्त आहार, जानिए इसके फूड सोर्स

कॉपर की कमी से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप अपनी डेली डाइट में कॉपर से भरपूर भोजन करें।



Written by Atul Modi |Published : December 31, 2023 3:33 PM IST

शरीर को सेहतमंद रखने के लिए कॉपर एक आवश्यक ट्रेस मिनरल है। कॉपर कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए आवश्यक है। यह हमारे शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन में मदद करता है, जो ऑक्सीजन का शरीर में परिसंचरण करने के लिए अहम मानी जाती हैं। कॉपर मस्तिष्क, रीढ़ की हड्डी और तंत्रिकाओं के स्वस्थ कार्य के लिए आवश्यक है। यह सफेद रक्त कोशिकाओं के उत्पादन और कार्य को बढ़ावा देता है, जिसके कारण संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। कोलेजन के उत्पादन के लिए कॉपर आवश्यक है। यह त्वचा, हड्डियों, मांसपेशियों और अन्य ऊतकों का एक महत्वपूर्ण घटक है। एंटीऑक्सीडेंट के कारण यह कोशिकाओं को नुकसान से बचाता है। इसकी कमी से कई स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि आप अपनी डेली डाइट में कॉपर से भरपूर भोजन करें।

कॉपर की कमी से हो सकती हैं ये परेशानियां

शरीर में कॉपर की कमी से एनीमिया हो सकता है। इसकी कमी से तंत्रिका संबंधी समस्याएं होने का डर रहता हैं, जिसके कारण मस्तिष्क के विकास में देरी, याददाश्त में समस्याएं और मांसपेशियों की कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कॉपर की कमी से प्रतिरक्षा प्रणाली की कमजोरी हो सकती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इस महत्वपूर्ण तत्व की कमी से हड्डियों और जोड़ों की समस्याएं हो सकती हैं।

इतना कॉपर है आपके लिए जरूरी

भारतीय संस्कृति में तांबे के बर्तनों में रातभर पानी भरकर सुबह उसका सेवन करने की परंपरा है। माना जाता है कि इससे शरीर को कॉपर यानी तांबे के गुण मिल पाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार स्वस्थ वयस्कों के लिए प्रतिदिन 900 माइक्रोग्राम कॉपर की आवश्यकता होती है। महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान 1,000 माइक्रोग्राम और स्तनपान के दौरान 1,300 माइक्रोग्राम कॉपर की आवश्यकता होती है।

Also Read

More News

इनके सेवन से मिलता है कॉपर

1. काजू और तिल हैं बेस्ट

कई ड्राई फ्रूट्स और सीड्स कॉपर से भरे होते हैं। तिल में प्रचुर मात्रा में कॉपर होता है। एक कप तिल में 5.9 मिलीग्राम कॉपर होता है। वहीं काजू में भी भरपूर मात्रा में कॉपर होता है। इसका सेवन भी नियमित किया जा सकता है।

2. डार्क चॉकलेट

डार्क चॉकलेट का सीमित मात्रा में सेवन सेहत के लिए फायदेमंद रहता है। डार्क चॉकलेट फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और मिनरल्स से भरपूर होती है। यह कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करती है। यह कई हार्ट प्रॉब्लम्स को ठीक करने में मददगार होती है। एक डार्क चॉकलेट बार में करीब 0.015 मिलीग्राम कॉपर होता है।

3. बीन्स से मिलेगा पोषण

अपनी डाइट में बीन्स को शामिल कर आप कॉपर पा सकते हैं। चना, सोयाबीन कॉपर के अच्छे स्रोत हैं। एक कप चने में करीब 0.57 मिलीग्राम कॉपर होता है। वहीं एक कप सोयाबीन से करीब 0.2 मिलीग्राम कॉपर मिल सकता है।

4. आलू खाकर रहें स्वस्थ

आलू भी कॉपर का अच्छा सोर्स है। एक मीडियम आकार का आलू खाने से आपको करीब 0.34 मिलीग्राम कॉपर मिलता है। हालांकि आलू से ज्यादा कॉपर इसके छिलके में पाया जाता है, ऐसे में छिलके सहित आलू खाना अधिक फायदेमंद होता है। आलू के साथ ही आप शकरकंद का सेवन में कर सकते हैं। एक मध्यम आकार का शकरकंद खाने से करीब 0.13 मिलीग्राम कॉपर प्राप्त होता है।

5. हरी पत्तेदार सब्जियां

​हरी पत्तेदार सब्जियां सेहत के लिए बहुत जरूरी हैं। फाइबर, विटामिन के, कैल्शियम, मैग्नीशियम और फोलेट के साथ ही इनमें भरपूर मात्रा में कॉपर होता है। खास बात ये है कि इनमें कैलोरी बहुत कम होती है। इनके सेवन से आपकी हड्डियां, मांसपेशियां, रक्त कोशिकाएं मजबूत होती हैं। इनके सेवन से एनीमिया भी कम होता है। ऐसे में अपनी डेली डाइट में पालक, मेथी, केले, बथुआ जैसी सब्जियां भी शामिल करें।





Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *