![](https://static.beescdn.com/news.myworldfix.com/2023/10/shimla_1636440167-1.jpeg?x-oss-process=image/auto-orient,1/quality,q_90/format,webp)
वेज और नॉनवेज चाैमिन मोमोज बना रहे एक साथलोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग नगर निगम को शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर में फास्ट फूड बेच रहे दुकानदार लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। जिस बर्तन में नॉनवेज बन रहा है उसी बर्तन में वह वेज खाद्य पदार्थों को बना रहे हैं। हैरत की बात तो यह है कि यह बिना बर्तन को धोए प्रयोग में लाए जा रहे हैं।
वहीं स्टीम मोमोज में भी यही किया जा रहा है। मोमोज को स्टीम करने के लिए एक ही स्टीमर प्रयोग में लाया जा रहा है। जिसमें निचली सतह पर नॉनवेज मोमोज रखे जा रहे हैं। उपर वाले हिस्से में वेज मोमोज स्टीम किए जा रहे हैं। हालांकि शहर के कुछ लोगों ने इसके बारे में खाद्य सुरक्षा विभाग नगर निगम को शिकायत भी की है। बताया जा रहा है कि विभागीय उच्चाधिकारी ने इस मामले को संज्ञान में लेकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में टीम भी बना दी है। यह टीम आगामी दिनों में ऐसी दुकानों की जांच करेगी। और अगर कोई अनियमितताएं पाई जाती है तो कार्रवाई भी होगी।
शहर में फास्ट फूड की करीब 50 से अधिक छोटी और बड़ी दुकानें है। जिसमें रोजाना चाैमिन, मोमोज और अन्य फास्ट फूड बनाया जाता है। हाल ही में कई मामले सामने आए है जिसमे अधिकतर दुकानदार सेहत से खिलवाड़ पर उतर आए हैं। इसके बाद विभाग भी अलर्ट हो गया है। खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमानुसार वेज और नॉनवेज अलग-अलग से तैयार किया जाना आवश्यक है। लेकिन इस नियम का सरेआम उल्लंघन किया जा रहा है।
इनसेट
हलाल और झटका मीट की भी जानकारी नहीं
शहर में बिकने वाले मीट की भी लोगों को कोई जानकारी नहीं मिल रही है। शहर में मीट कहां से आ रहा है इस बारे भी पता नहीं है। साथ ही यह झटका है या हलाल इसके बारे में भी कोई पता लोगों को नहीं लग रहा है।
इनसेट
हाल ही में शिकायतें आई है कि शहर में फास्ट फूड विके्रता सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। नियमों के अनुसार वेज और नॉनवेज एक साथ तैयार नहीं किया जा सकता। वहीं जनभावना को देखते हुए भी इसे अलग-अलग बनाना होता है। टीम बना दी गई है आगामी दिनों में निरीक्षण किया जाएगा। इसी के साथ मीट विक्रेताओं को भी यह बताना आवश्यक है।
अतुल कैस्था सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग
नगर निगम सोलन।