Etah News: कार में बैठाकर बदमाशों ने दंपती को लूटा, 3 साल के बेटे को फेंका


एटा। नेवी के जवान और पत्नी को कार में बैठाकर बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। उनके तीन साल के बेटे को चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया। दंपती की चीख-पुकार पर मलावन थाना पुलिस ने पीछा किया तो बदमाश कार को छोड़कर खेतों में भागने लगे। इनमें से चार को पकड़ लिया गया है।

जिला मैनपुरी थाना कुरावली क्षेत्र के गांव गणेशपुरा निवासी नेवी जवान रंजीत सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब 4 बजे एटा के लिए ईको कार में शरीफपुर कुरावली से सवार हुए थे। साथ में पत्नी नीरज देवी, 7 साल का पुत्र देव व 3 साल का कार्तिक भी था। कार में पहले से सवार दो महिलाएं, एक बच्चा और चार पुरुष बैठे थे, जो कि बदमाश थे। दो किमी चलने के बाद ही इन्होंने असली रूप दिखा दिया। बैग में रखी नकदी, जेवरात और मोबाइल निकालकर लूटने लगे। जब पत्नी ने चीख-पुकार मचाई तो थाना मलावन क्षेत्र के गांव महुआखेड़ा के पास बच्चे को फेंकने की धमकी दी। चीख-पुकार पर तीन साल के बेटे को छीनकर गांव महुआखेड़ा के पास कार से बाहर फेंक दिया। पत्नी को भी बाहर फेंकने की कोशिश की।

बताया कि महुआखेड़ा पर पहले से पुलिस की कार खड़ी थी। उसको इशारा कर महिला ने चीख-पुकार मचाई तो पुलिस की गाड़ी पीछा करने लगी। इसके बाद टोल प्लाजा से पहले बदमाशों ने कार को गांव हाडई वाले रास्ते पर डाल दिया और गांव के बाहर ही कार खड़ी करके भागने लगे। कार खड़ी कर खेतों में भाग रहे बदमाशों का पुलिस ने पीछा किया। दो महिलाएं और दो पुरुषों को पुलिस पकड़ने में कामयाब रहीं, जबकि दो बदमाश भागने में सफल रहे हैं। कार से फेंके गए बालक को सुरक्षित बताया गया है।

——–

एक महीने की छुट्टी काटकर जा रहा था जवान

नेवी जवान रंजीत सिंह ने बताया कि 24 अगस्त को एक महीने की छुट्टी लेकर घर आया था। बृहस्पतिवार को छुट्टी पूरी होने के बाद तैनाती स्थल विशाखापट्टनम के लिए परिवार सहित जा रहा था। एटा से आगरा जाना था, यहां से ही ट्रेन पकड़नी थी।

———-

पकड़ने में एक सिपाही वर्दी फटी

खेतों में भागे बदमाशों को पकड़ने के लिए एसआई विनोद यादव, आरक्षी हेमंत यादव और हरिओम पीछा करने लगे। पकड़ने के दौरान आरक्षी हेमंत की वर्दी फट गई।

—वर्जन—

बदमाशों ने कुरावली क्षेत्र से दंपती को कार में बैठाया था। लूटने का प्रयास कर रहे बदमाशों का पुलिस ने पीछा किया तो गांव हाडई के रास्ते पर कार खड़ी कर खेतों में भागे थे। चार को पकड़ा गया है। कार्रवाई की जा रही है।

संगम मिश्रा, सीओ सकीट

———

अनिल यादव


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *