एशियाई खेलों 2023 में भारत के खिलाड़ियों ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। पिछले 14 दिनों में भारत के खाते में कुछ 105 पदक आ गए हैं। इसमें 28 स्वर्ण, 36 रजत पदक और 41 कांस्य पदक हासिल किए गए हैं। एशियाई खेलों में देश की बेटियों ने जीत का परचम लहराते हुए भारत का मान बढ़ाया। कई अलग अलग प्रतिस्पर्धाओं में महिला खिलाड़ियों ने पदक हासिल किया। बात करें महिला टीम के पदकों की तो एशियाई खेल 2023 में भारत के लिए पहला पदक शूटिंग में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम ने जीता। आइए जानते हैं भारतीय महिला टीम के बारे में, जिन्होंने निशानेबाजी से लेकर कबड्डी और क्रिकेट से लेकर हॉकी में पदक जीता।
एशियाई खेलों में पहला पदक महिला निशानेबाजों के नाम
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम में मेहुली घोष, रमिता और आशी चौकसे शामिल थीं, जो प्रतिस्पर्धा में रजत पदक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा पहले दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में रमिता जिंदल ने भी भारत की झोली में पदक पहुंचाया। रमिता ने 230.1 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।
महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण जीता
महिला कबड्डी टीम ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। भारत ने फाइनल में चीनी ताइपे को हराकर स्वर्ण पदक जीता। यह एशियाई खेल 2023 में भारत का 25वां स्वर्ण और कुल 100 वां पदक है। भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में 100 पदक जीते हैं। भारतीय खिलाड़ियों ने अबकी बार 100 पारी का नारा सच कर दिखाया है।
महिला चेस टीम के नाम रजत पदक
चेस में भारत की महिला टीम को रजत पदक मिला है। टीम में द्रोणवल्ली हरिका, रमेशबाबू वैशाली, वंतिका अग्रवाल और सविता भास्कर हैं, जिन्होंने रजत जीत कर देश का मान बढ़ाया।