सर्दियों के मौसम में सब्जियों की खूब पैदावार होती है। इन दिनों सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली एक सब्जी फूलगोभी भी है। ठंड में फूलगोभी की सब्जी, पराठे और पकौड़े खाने अपना एक अलग ही मजा है। यह सब्जी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहत के लिए कई तरह फायदेमंद भी है।
अगर बात करें फूलगोभी के पोषक तत्वों की तो विटामिन सी और के साथ फोलेट, विटामिन बी6, पोटैशियम, और मैंगनीज जैसे विटामिन और मिनरल का बढ़िया स्रोत है। साथ ही इसमें फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण भी पाए जाते हैं।
इतनी टेस्टी और हेल्दी होने के बावजूद फूलगोभी की सब्जी के कई नुकसान भी हैं। न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटीशियन शिखा अग्रवाल शर्मा बता रही हैं कि नियमित रूप से फूलगोभी के सेवन से शरीर को क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं।
फूलगोभी खाने के फायदे

फूलगोभी के नुकसान जानने से पहले आपको इसके फायदे जानने चाहिए। इसमें इंडोल-3-कार्बिनॉल और सल्फोराफेन जैसे यौगिक होते हैं, जो शरीर में इन्फ्लेमेशन को कम करते हैं। फूलगोभी में फाइबर, पोटैशियम, और एंटीऑक्सीडेंट्स हो सकते हैं, जो चोलेस्ट्रॉल लेवल और बीपी को कंट्रोल करते हैं। इसके फाइबर गुण पाचन को बेहतर बनाकर कब्ज को रोकते हैं।
फूलगोभी खाने के नुकसान
सर्दियों में फूल गोभी खाने के 5 फायदे
पेट फूलने की समस्या

ऐसा माना जाता है कि गोभी परिवार की सब्जियों के अधिक सेवन से पेट फूलने जैसी पाचन समस्याएं हो सकती हैं। फूलगोभी के साथ भी यही दिक्कत है। यह पाचन संबंधी समस्याएं पैदा कर सकती है। वास्तव में क्रूसिफेरस सब्जियों को पचाना मुश्किल होता है, खासकर जब कच्चा खाया जाता है। यह सूजन या गैस की समस्या पैदा कर सकती है।
पेट में हो सकती है सूजन

क्रूसिफेरस सब्जियों में रैफिनोज होता है, जो एक प्रकार का कार्बोहाइड्रेट है। शरीर में इसे तोड़ने में मदद करने के लिए उचित एंजाइम नहीं होता है। जब आप इस कार्बोहाइड्रेट वाली सब्जी का सेवन करते हैं, तो यह बिना पचे ही छोटी आंत से बड़ी आंत तक चला जाता है। वहां मौजूद बैक्टीरिया इसे किण्वित करना शुरू कर देते हैं, जिससे सूजन होती है।
गंभीर गैस बना सकती है फूलगोभी

फूलगोभी में ग्लूकोसाइनोलेट्स नामक सल्फर युक्त रसायन भी होते हैं। जब ये रसायन पेट में टूटते हैं, तो वे हाइड्रोजन सल्फाइड जैसे यौगिक बनाते हैं, जो पेट में भयंकर गैस बनाते हैं। यही वजह है कि इस सब्जी को खाने के बाद पेट भारी-भारी महसूस होता है।
हाइपोथायरायडिज्म

फूलगोभी जैसी सब्जियां ग्रंथि के कामकाज को बाधित कर सकती हैं। हाइपोथायरायडिज्म या इसी तरह की स्थिति से पीड़ित लोगों को इस सब्जी का सेवन न करने की सलाह दी जाती है।
एलर्जी का खतरा

कुछ लोगों को फूलगोभी के सेवन से एलर्जिक रिएक्शन हो सकता है। ऐसी एलर्जी से त्वचा में खुजली, सांस लेने में दिक्कत और सूजन हो जाती है। अगर आप पहले से किसी तरह की एलर्जी से जूझ रहे हैं, तो बेहतर आप इससे दूरी बनाकर रखें।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। यह किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।