रोहित शर्मा श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए बन सकते हैं बड़ा खतरा, जानिए कारण


रोहित शर्मा श्रीलंका क्रिकेट टीम के लिए बन सकते हैं बड़ा खतरा, जानिए कारण 



खेलकूद

September 11, 2023 | 05:56 pm
1 मिनट में पढ़ें

रोहित शर्मा इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं (तस्वीर: एक्स/@BCCI)

भारतीय क्रिकेट टीम एशिया कप 2023 में 12 अक्टूबर (मंगलवार) को श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेलते हुए नजर आएगी।

इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है।

श्रीलंका के खिलाफ जब-जब भारतीय टीम मुकाबला खेलने उतरती है तो भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा से काफी उम्मीदें रहती हैं। रोहित का रिकॉर्ड श्रीलंका के खिलाफ कमाल का रहा है।

ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

क्यों श्रीलंका के खिलाफ रोहित बन सकते हैं खतरा?

श्रीलंका के खिलाफ रोहित जब बल्लेबाजी करने उतरते हैं तो पहली गेंद से ही आक्रमक क्रिकेट खेलते हैं।

उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहला मैच साल 2008 में खेला था। अब तक उन्होंने 49 मुकाबले खेले हैं और 46.33 की औसत से 1,807 रन बना चुके हैं।

रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 6 शतक और 6 अर्धशतक लगाए हैं, साथ ही वह वनडे में श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक भी जड़ चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 264 रन है।

कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं रोहित 

एशिया कप में रोहित कमाल के फॉर्म में चल रहे हैं। पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले मैच को छोड़ दें तो उन्होंने लगातार 2 मुकाबलों में अर्धशतक जड़ा है।

नेपाल क्रिकेट टीम के खिलाफ रोहित ने 59 गेंद में 74 रन की पारी खेली थी और वह प्लेयर ऑफ द मैच भी बने थे।

पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे मुकाबले में वह 49 गेंद में 6 चौके और 4 छक्के की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए थे।

रोहित पूरे कर सकते हैं 10,000 वनडे रन 

रोहित ने वनडे क्रिकेट में 9,978 रन बना लिए हैं। अगर श्रीलंका के खिलाफ यह खिलाड़ी 22 रन और बना लेता है तो वह वनडे में 10,000 रन पूरे कर लेंगे।

रोहित यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी बन सकते हैं। विश्व में 14 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वनडे में 10,000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।

सचिन तेंदुलकर (18,426) ने भारतीय टीम के लिए वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।

कैसा रहा है रोहित का वनडे करियर?

रोहित ने भारतीय टीम के लिए 247 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 240 पारियों में उन्होंने 48.91 की उम्दा औसत के साथ 9,978 रन बनाए हैं।

उन्होंने 90.19 की स्ट्राइक रेट और 264 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 30 शतक और 50 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित वनडे क्रिकेट में 36 बार नाबाद भी रहे हैं।

उन्होंने अपना पहला वनडे मैच आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2007 में खेला था।

न्यूजबाइट्स प्लस 

वनडे में भारत के लिए 5 खिलाड़ियों ने 10,000 रन पूरे किए हैं। सचिन तेंदुलकर (18,426), विराट कोहली (12,898), सौरव गांगुली (11,221), राहुल द्रविड़ (10,768) और महेंद्र सिंह धोनी (10,599) ने टीम के लिए यह कारनामा किया है। रोहित छठे खिलाड़ी होंगे।


इस खबर को शेयर करें


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *