कोलंबो3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

एशिया कप में सोमवार का दिन रिकॉर्ड ब्रेकिंग रहा। कोलंबो के मैदान पर विराट कोहली ने लगातार चौथा वनडे शतक लगाया। करीब 6 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे केएल राहुल ने विराट के साथ एशिया कप की सबसे बड़ी पार्टनरशिप की।
पाकिस्तान को एशिया कप इतिहास में उनकी सबसे बड़ी हार मिली। रिजर्व-डे पर समाप्त हुए इस मुकाबले के ऐसे ही 13 टॉप रिकॉर्ड्स इस स्टोरी में हम जानेंगे…
1. विराट के इस साल 1000 रन पूरे
विराट कोहली ने साल 2023 में तीनों फॉर्मेट मिलाकर एक हजार रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 12वां रन लेते ही ये रिकॉर्ड बनाया। वे इस साल तीनों फॉर्मेट में एक हजार रन का आंकड़ा पार करने वाले तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले रोहित शर्मा (1064 रन) और शुभमन गिल (1419 रन) भी इस साल एक हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं।
2. कोहली सबसे ज्यादा बार 350+ टीम स्कोर में शामिल रहे
विराट कोहली सबसे ज्यादा बार 350+ स्कोर बनाने वाली टीम में शामिल रहे। उनकी मौजूदगी में टीम इंडिया ने 21वीं बार 350 रनों से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है। इस मामले में कोहली ने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा। धोनी 20 दफा 350 का स्कोर बनाने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। धोनी के बाद इस सूची में एबी डिविलियर्स (19 बार) का नाम है।

3. कोहली-राहुल के बीच एशिया कप की सबसे बड़ी साझेदारी
विराट कोहली और केएल राहुल ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 233 रनों की पार्टनरशिप की। यह एशिया कप के इतिहास की सबसे बड़ी पार्टनरशिप है। कोहली-राहुल की जोड़ी ने पाकिस्तान के मोहम्मद हफीज और नसिर जमेशद की जोड़ी का रिकॉर्ड तोड़ा। इन्होंने 2012 में भारत के खिलाफ 224 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की थी।

4. एक मैदान पर सबसे ज्यादा लगातार वनडे सेंचुरी, अमला के बराबर आए कोहली
विराट कोहली एक मैदान पर सबसे ज्यादा लगातार वनडे सेंचुरी जमाने वाले बैटर बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ सुपर-4 मुकाबले में नाबाद 122 रन की पारी खेली। यह कोहली की कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में लगातार चौथी सेंचुरी है। इससे पहले उन्होंने तीनों शतक श्रीलंका के खिलाफ बनाए थे।
इस मामले में कोहली ने साउथ अफ्रीकी बैटर हशिम अमला की बराबरी कर ली। अमला ने सेंचुरियन के मैदान पर लगातार चार वनडे शतक लगाए थे।

5. कोहली ने सचिन से तेज 13 हजार रन बनाए
विराट कोहली सबसे तेज 13 हजार वनडे रन बनाने वाले बैटर बन गए हैं। विराट ने दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। विराट ने 267 पारियों में यह कीर्तिमान हासिल किया है, जबकि सचिन को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 321 पारियां लगी थीं।

6. एशिया कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय
विराट कोहली एशिया कप में सबसे ज्यादा शतक जमाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए। उनके 5 शतक हो गए। ओवरऑल खिलाड़ियों में कोहली दूसरे नंबर पर हैं, उनसे ज्यादा 6 शतक श्रीलंका के सनथ जयसूर्या ने लगाए हैं।

7. श्रीलंका में सबसे ज्यादा सेंचुरी, तेंदुलकर की बराबरी पर आए कोहली
विराट श्रीलंका में सबसे ज्यादा सेंचुरी जमाने वाले विदेशी बैटर्स की सूची में सचिन तेंदुलकर की बराबरी पर आ गए हैं। उनके नाम 26 पारियों में 5 शतक हैं। जबकि सचिन तेंदुलकर ने 44 पारियों में 5 शतक जमाए हैं।

8. सबसे तेज 77 इंटरनेशनल सेंचुरी
विराट कोहली इंटरनेशनल करियर में सबसे तेज 77 शतक जमाने वाले बैटर बन गए हैं। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। तेंदुलकर को इतने शतक बनाने के लिए 593 पारियां लगी थीं, जबकि कोहली ने 561 पारियों में यह अचीवमेंट हासिल किया।

9. तीनों फॉर्मेट में नंबर-3 पर 14 हजार रन
विराट कोहली तीनों फॉर्मेट में नंबर-3 की पोजिशन पर बैटिंग करते हुए 14 हजार रन बनाने वाले 5वें बैटर बन गए। उनके नाम 294 मैचों में 14047 रन हो गए। कोहली इस पोजिशन पर 40 शतक और 87 अर्धशतक जमा चुके हैं।

10. सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच जीतने वाले भारतीय बने
पाकिस्तान के खिलाफ शतक बनाने के लिए विराट कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। वनडे एशिया कप में यह उनका चौथा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड रहा। सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतने वाले भारतीयों में विराट पहले नंबर पर आ गए। उन्होंने 3-3 अवॉर्ड जीतने वाले सुरेश रैना और नवजोत सिंह सिद्धु को पीछे छोड़ा।

11. एशिया कप में 5 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय बने कुलदीप
कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ महज 25 रन देकर 5 विकेट लिए। वह वनडे एशिया कप की एक पारी में 5 विकेट लेने वाले दूसरे ही भारतीय बने। उनसे पहले अरशद अय्युब ने 1988 में पाकिस्तान के ही खिलाफ 21 रन देकर 5 विकेट लिए थे।

12. वनडे में भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत
वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया ने पाकिस्तान पर अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। टीम ने एशिया कप-2023 के सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को 228 रन के बड़े अंतर से हराया। इससे पहले 2008 में भारत ने मीरपुर के मैदान पर पाकिस्तान को 140 रन से हराया था।

13. एशिया कप में पाकिस्तान की सबसे बड़ी हार, ओवरऑल दूसरी सबसे बड़ी
228 रन की हार एशिया कप में पाकिस्तान की सबसे बड़ी हार रही। इससे पहले टीम को श्रीलंका ने 2008 में कराची के मैदान पर 64 रन से हराया था। एशिया कप में भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत 1984 में आई थी। तब शारजाह के मैदान पर टीम ने 54 रन से मैच जीता था।
वनडे क्रिकेट में यह रनों के लिहाज से पाकिस्तान की ओवरऑल दूसरी सबसे बड़ी हार है। टीम 228 रनों के अंतर से हारी है। वनडे में पाकिस्तान की सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड 234 रनों का है। टीम को श्रीलंका ने 2009 में हराया था।
