बेंगलुरु: लोकसभा में बुधवार को दो युवकों ने कूदकर हड़कंप मचा दिया। वहीं कुछ युवकों ने संसद भवन के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने 6 इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक युवती नीलम हिसार की रहने वाला है। सागर शर्मा उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है। तीसरा युवक महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है। वहीं चौथा युवक कर्नाटक का रहने वाला मनोरंजन है। घटना के बाद मनोरंजन डी. के पिता देवराज गौड़ा ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने दावा किया कि उनका बेटा ईमानदार और सच्चा है और हमेशा समाज के लिए अच्छा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि अगर मेरे बेटे ने गलत किया है तो उसे फांसी दे दो।
मैसूरु का रहने वाले मनोरंजन के पिता देवराज गौड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘अगर मेरा बेटा अच्छा करता है तो ठीक है लेकिन अगर उसने कुछ गलत किया है तो उसे फांसी दे दो।’ अगर उसने गलत किया है तो वह मेरा बेटा नहीं है।’
‘हमला स्वीकार नहीं’
मनोरंजन के पिता ने कहा कि वह संसद हमारी है। आप जैसे लोगों ने ही इसे बनाया है। इसे बनाने में महात्मा गांधी, नेहरू जैसे नेताओं ने कड़ी मेहनत की थी। जो कोई भी यह (हमला) करता है वह निंदनीय है। हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे।
‘विवेकानंद की किताबें पढ़ता था बेटा’
देवराज ने कहा, ‘मेरा बेटा एक अच्छा लड़का है। वह ईमानदार और सच्चा है। उसकी एकमात्र इच्छा समाज के लिए अच्छा करना और समाज के लिए बलिदान देना है। वह स्वामी विवेकानंद की किताबें पढ़ता था। मुझे लगता है कि इन किताबों को पढ़ने के बाद उसके मन में ऐसे विचार विकसित हुए।’
इंजीनियरिंग के बाद कर रहा था खेती
गौड़ा ने कहा, ‘यह समझना मुश्किल है कि उसके दिमाग में क्या चल रहा था। मेरे बेटे ने 2016 में बीई (बैचलर इन इंजीनियरिंग) पूरा किया और खेती का काम देख रहा था। उसने दिल्ली और बेंगलुरु में कुछ कंपनियों में भी काम किया है।’ उन्होंने बताया कि उनका बेटा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फैन है। उसने ऐसा क्यों किया, वह नहीं जानते।