संवाद न्यूज एजेंसी, बांदा
Updated Wed, 20 Sep 2023 12:22 AM IST
बांदा। दहेज में कार न मिलने पर पति ने शादी के बाद महिला के चरित्र पर संदेह करना शुरू कर दिया। शादी से पहले के संबंधों का आरोप लगाकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया। उसे घर से निकाल दिया। महिला ने महिला थाने में पति समेत छह ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने महिला थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 22 जून 2023 को हरदोई जिले के पोथव गांव में सौरभ द्विवेदी के साथ हुई थी। शादी में उसके ससुर कार की मांग करने लगे। आरजू मिन्नत करके विदाई कराई गई। विदाई के बाद वह जब ससुराल पहुंची तो कम दहेज का उसे ताना दिया गया। पति ने शादी की पहली रात ही उसे अपमानित किया। घर में उसके साथ नौकरानी जैसा सुलूक किया। उसके बाद उसे लेकर वह अपनी नौकरी स्थल पर ले गए लेकिन वहां भी उनका सुलूक नहीं सुधरा।
कार के लिए पति ने फंदा लगाकर जान देने की तक की बात कह दी। उसे 28 जुलाई को घर से निकाल दिया। महिला का आरोप है कि पति के किसी महिला से अवैध संबंध है। उससे एक बच्चा भी है। यह बात छिपाकर उसने उससे शादी की। महिला की तहरीर पर पति, ससुर, सास, जेठ व दो ननदों के खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।