
भीड़ का फायदा उठाकर चोरी कर रही थी चेन, वृद्धा ने तीनों को किया पुलिस के हवाले
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ऑटो में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों की सोने की चेन व पर्स चोरी करने वाली ऑटो महिला गैंग की तीन सदस्यों को दादी के गले पर हाथ मारना भारी पड़ गया। आरोपी महिलाओं ने चेन तो छीन ली, लेकिन उसके बाद जो हुआ उसकी उन्हें उम्मीद नहीं थी। दादी चेन चोरी करने वाली महिलाओं से भिड़ गईं और लोगों की मदद से काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जवाहर काॅलोनी निवासी निर्मला तिवारी (64) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार शाम को वह डबुआ काॅलोनी में आयोजित एक शादी में शामिल होने के बाद ऑटो से घर जा रही थीं। थोड़ा आगे चलने के बाद दो महिलाएं ऑटो में बैठ गईं। उनके साथ एक बच्ची भी थी। अचानक से एक महिला ने कहा कि बच्ची को उल्टी आ रही है। हवा की तरफ बैठने दो। बहाना बनाकर दोनों महिलाओं ने बुजुर्ग को ऑटो के बीच में बिठा लिया। धीरे-धीरे महिलाओं ने बुजुर्ग को बातों में उलझाकर उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली। बुजुर्ग को आरोपी महिला पर शक हो गया, उन्होंने तुरंत महिला का हाथ पकड़कर शोर मचा दिया।
पहले से तैयार आरोपी महिलाओं ने वृद्धा को धक्का दिया और भागने लगी। सीनियर सिटीजन ने हिम्मत नहीं हारी और एक आरोपी को पकड़े रखा। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने महिलाओं को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दे दी। सारन थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर एक दिन के रिमांड पर लिया है।
शहर में दर्ज हैं कई मामले
ऑटो महिला गैंग के सदस्य पूरे शहर में हैं। इससे पहले इस तरह के कई मामले सामने आ चुके हैं। आरोपी गैंग पिछले कई माह से शांत होने के बाद अब दोबारा से सक्रिय हो गया है। इसी तरह के कई केस शहर के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। गैंग अपने साथ छोटे बच्चों को भी रखता है, ताकि किसी को शक न हो। ज्यादातर केसों में आरोपी महिलाओं और बुजुर्गाें को ही अपना निशाना बनाती हैं। अकेली महिला देखते ही आरोपी उसका पीछा करने लगती हैं और ऑटो में साथ बैठ जाती हैं।
ऑटो चालक की भी होती है भागीदारी
कई बार ऑटो चालक भी गैंग में शामिल होता है। वह आरोपियों को लेकर घूमता रहता है और अकेली महिला को देखकर ही ऑटो रोक लेता है। पहले से महिला बैठी देख महिला सवारी खुद को सुरक्षित महसूस करती है और आसानी से शिकार बन जाती है। थाना सारन प्रभारी इंस्पेक्टर संग्राम सिंह ने बताया कि आरोपी महिलाओं का पिछला रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।