
संवाद न्यूज एजेंसी, हरदोई
Updated Sun, 28 Jan 2024 11:42 PM IST
हरपालपुर। रिश्तेदारी से होकर वापस घर जा रही महिला ऑटो से गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने ऑटो पकड़ लिया पर चालक भाग निकला।
अरवल थाना क्षेत्र के दहेलिया गांव निवासी कलाम खां की पत्नी शायरा (50) रविवार दोपहर हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित करनपुर मतनी गांव में रिश्तेदारी में गई थी। वहां उसके पुत्र सद्दाम की ससुराल है। शाम को वहां से घर जाने के लिए सद्दाम ने मां शायरा को ऑटो पर बैठा दिया।
ऑटो चालक दहेलिया की बजाय चौसार ऑटो लेकर चला गया। वहीं पर ऑटो से गिरकर शायरा घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। मृतका के चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं।
सीएचसी प्रशासन की सूचना पर पहुंची अरवल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अरवल थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि ऑटो पुलिस ने कब्जे में लिया है। चालक के बारे में जानकारी की जा रही है।