
करंजाकला। जंक फूड, गुटखा और तंबाकू दांतों को कमजोर बना रहा है। दांतों में दर्द और सूजन से युवा अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कम उम्र में ही दांत गिर जा रहे हैं। इस तरह की समस्या बीते कुछ दिनों अधिक देखने को मिल रही है। मेडिकल काॅलेज में हर दिन 25 से 30 लोग इस तरह की समस्या लेकर आ रहे हैं।
उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय(मेडिकल कॉलेज) में ओपीडी के दौरान रोजाना दांत की समस्या को लेकर आने वालों में 40 फीसदी युवा है। इसमें 10 फीसदी महिलाएं भी शामिल हैं जो मसूढ़े में दर्द, दांतों का कमजोर होना, गंदे होना की समस्या से पीड़ित हैं। मरीजों में 20 से 25 साल की युवा दांत गिरने की समस्या को लेकर पहुंच रहे हैं। घंटे भर मुंह में गुटखा भरा रहना और जंक फूड का अधिक सेवन युवाओं के लिए घातक साबित हो रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक दांतों के बचाव के लिए रोजाना दोनों समय ब्रश करना जरूरी है। गोलाकार यानि चारों ओर घूमते हुए ब्रश करना चाहिए। 6 महीने से ज्यादा एक ही ब्रश का प्रयोग करने से बचना चाहिए।
दांत हो रहे कमजोर, जबड़े में दर्द की शिकायत
दोहरा खाने से दांत कमजोर होकर गिर रहे हैं। पानी ठंडा लगने, जबड़े में दर्द होने की शिकायत आ रही है। ब्रश से सफाई न करना, गलत खानपान से भी कम उम्र में लोगों के दांत बुढ़ापे जैसे कमजोर होते जा रहे हैं। दांतों की सफाई नहीं करने से भी बीमारी बढ़ रही है।
–अस्पताल में आने वालों में युवाओं की संख्या अधिक है। जांच के बाद पता चल रहा है कि अधिकांश लोगों में दोहरा, गुटखा, पान मसाला और फास्ट फूड खाने से इस तरह की समस्या सामने आ रही है।- लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. चंद्रभूषण सिंह पटेल, दंत रोग विशेषज्ञ, मेडिकल कालेज