
संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। पूंडरी के पास एक अज्ञात कार चालक ने मोटरसाइकिल पर जा रहे सेना के जवान को टक्कर मार दी। हादसे में घायल होने से उसकी मौत हो गई। वह छुट्टी पर अपने गांव डींग आया था।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन वह अपने रिश्तेदार के साथ कपड़े खरीदने के लिए कैथल गया था। जब वह वापस लौट रहा था तभी हादसा हो गया और उसकी जान चली गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव पाजूकलां जिला जींद निवासी मोहित मान ने पूंडरी थाने में दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी डींग में हुई है। उनका बहनोई सिकंदर भारतीय सेना में जवान था। कारगिल में वह कार्यरत था और इस समय छुट्टी पर घर आया था। वह अपने बहनोई के साथ कपड़े खरीदने के लिए कैथल गया था। कपड़ों की खरीदारी करने के बाद वे अपनी-अपनी मोटरसाइकिल से वापस डींग लौटते समय पूंडरी के पास बहनोई की गाड़ी में एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस बीच कार चालक मौके से फरार हो गया। वे बहनोई को इलाज के लिए कैथल के एक निजी अस्पताल में लेकर गए, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत करार दे दिया।
जांच अधिकारी सुखबीर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।