
कानपुर देहात। शहर की सड़कों पर दौड़ रहे बेलगाम ऑटो, ई-रिक्शे नियमों को ताक पर रख हादसों को न्योता दे रहे हैं। ऑटो चालक सवारियां बैठाने के लिए सड़क किनारे कहीं भी ब्रेक लगा देते हैं और अन्य वाहन चालकों के लिए असुविधा पैदा कर रहे हैं। रोजाना सैकड़ों की संख्या में घूमने वाले ऑटो सवारियों को उनकी मंजिल तक तो पहुंचाते हैं, लेकिन अन्य लोगों के लिए समस्या भी बन जाते हैं। यदि यह ऑटो चालक नियमों के साथ चलें तो सड़कों पर अन्य वाहन चालकों को इनसे कोई परेशानी नहीं होगी। मगर मानमानी आैर मानक से अधिक सवारियां बैठकर चलने पर लोगों का जान खतरे में डाल रहे हैं। यातायात माह चलने के बाद भी जिम्मेदार आंख बंद किए हुए हैं।
अकबरपुर आेवर ब्रिज, बाढ़ापुर रोड पर अवैध तरह से लंबी लाइनों में ऑटो खड़े होते हैं। वहीं कोतवाली रोड पर भी अवैध ढंग से ऑटो खड़े रहते हैं और यहां पर सवारियां बैठाने के लिए दूसरे वाहन चालकों को हो रही परेशानी भी नहीं देखते। इस चौराहा पर अकसर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है। इसके अलावा, पुखरायां, झींझक, राजपुर, रनियां, सिकंदरा में यही हालात हैं। यह ऑटो चालक नियमों की अनदेखी करते हुए क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाकर सवारियों की जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इस कारण हादसों का खतरा बढ़ जाता है क्योंकि ऑटो चालक अपने दाएं-बाएं दोनों ओर सवारियां बैठा लेते हैं, इस कारण उन्हें पीछे आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते। वहीं यह ऑटो चालक एक दूसरे से पहले सवारियां उठाने के लिए बिना आगे पीछे देखे सड़क के बीचोबीच ब्रेक लगा देते हैं। अगर कोई हादसा हो जाए तो यह ऑटो चालक लड़ाई झगड़े पर उतारू हो जाते हैं और अपने अन्य साथियों को रोक कर हंगामा कर देते हैं। कुल मिलाकर बात कि जाए तो यह ऑटो चालक सड़कों पर मौत बनकर घूम रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। हैरानी की बात तो यह है कि पुलिस की नजरों के सामने यह ऑटो ओवरलोड होकर घूम रहे हैं और न जाने क्यों पुलिस इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती।
——
ऑटो स्टैंड के बाद भी सड़क पर खड़े होते हैं ऑटो
अकबरपुर में ऑटो स्टैंड बना है। इसके बाद भी चालक मनमानी करते हैं। जहां मन आया वहां ऑटो खड़ाकर सवारियां बैठा रहे हैं। कुछ ऑटो चालकों से बात की गई तो सवारियां न मिलने व खर्चा न निकल पाने की बात कही। मगर मानक से अधिक सवारियां बैठाने पर चुप्पी साध गए।
—-
आेवरलोड की वजह से अक्सर हो रहे हादसे
सड़कों पर ई-रिक्शा व ऑटो मानकों की अनदेखी कर क्षमता से अधिक भार व सवारियां ढो रहे हैं। राजपुर कस्बे के मुगलरोड पर गुरुवार एक ऑटो में 10 सवारियां बैठाकर कर जा रहा था। चालक ने संतुलन खो दिया आैर ऑटो सामने से आ रहे एक लोडर से जा टकराया। हादसे में सात सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके आलावा दो दिन पहले भोगनीपुर के हांसेमऊ के पास ऑटो पलटने से छह लोग घायल हुए। इस ऑटों में भी आठ से अधिक लोग सवार थे। इसके बाद यातायात पुलिस आंख बंद किए हुए हैं।
—
वर्जन…
यातायात माह के तहत चालकों व राहगीरों को जागरूक किया जा रहा है। जहां पर भी मानक से अधिक सवारियां बैठकर ऑटो व ई-रिक्शा चलते मिल रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जा रही है। चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए सजग किया जा रहा है।, यातायात प्रभारी