
खैराबाद (सीतापुर)। थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक कार ने ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सड़क किनारे बने खड्ड में जाकर पलट गया। इससे उसमें सवार आठ छात्र चोटिल हो गए। वहीं, कार चालक को भी चोटें आईं हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह हाईवे पर धुंध छाई थी, इसी वजह से शायद कार सवार को ई-रिक्शा नहीं दिखा और दुर्घटना घट गई। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
मंगलवार सुबह हाईवे पर कोहरा छाया हुआ था। सुबह करीब आठ बजे एक ई-रिक्शा छात्रों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। तभी एक कार ने ई-रिक्शा में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा बच्चों संग खड्ड में जा गिरा। इस दुर्घटना में भगवतीपुर गांव निवासी आदित्य (10), अर्ची यादव (5), हर्षित (5), अंशुमान (6), आरुष (7), यशी (10), मानसी (7) और काव्या (8) घायल हो गए। ये सभी क्षेत्र के स्टडी प्वाइंट स्कूल में पढ़ते हैं। टक्कर लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी का इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक खैराबाद टीपी सिंह ने बताया कि कार को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घायल बच्चों का इलाज चल रहा है।
कोहरे के कारण हादसे की चर्चा
स्थानीय नागरिकों व प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कोहरे के कारण यह हादसा हुआ है। चर्चा रही कि धीरे धीरे ठंड बढ़ेगी, ऐसे में ई रिक्शा से बच्चों को स्कूल भेजना घातक सिद्ध हो सकता है। रोक के बावजूद अभिभावक चेत नहीं रहे हैं।