संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
Updated Wed, 01 Nov 2023 11:46 PM IST
फोटो :46: सुभाष चौक के पास हुई मारपीट की घटना के दौरान लगी भीड़। संवाद
सोनीपत। ककरोई चौक के पास कार सवार युवकों ने दंपती की कार को टक्कर मार दी। आरोप है कि कार सवार युवकों ने पीड़ित महिला की तरफ अभद्र इशारे किए। बाद में पीड़ित कार सवार ने युवकों का पीछा कर उन्हें रोका तो सुभाष चौक के पास दंपती पर हमला कर दिया। महिला से अभद्रता किए जाने का भी आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सदर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक ने सिटी थाना पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ करवा चौथ पर किसी काम से सोनीपत शहर आए थे। वह ककरोई चौक से गोहाना रोड फ्लाईओवर पर पहुंचे तो पीछे से कार सवार युवकों ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जिसके बाद युवक उनकी पत्नी की तरफ गलत इशारे कर भाग निकले। उन्होंने पीछा कर उन्हें सुभाष चौक पर पकड़ लिया। वहां पर कार से उतरे चार युवकों ने उन पर हमला कर दिया। महिला से अभद्रता भी की गई। अन्य युवक भी वहां आ गए थे। आरोप है कि महिला की चेन भी छीन ली गई। सिविल लाइन थाना पुलिस के आने पर वह भाग निकले। मामले की सूचना पर सिटी थाना पुलिस भी पहुंच गई। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी है।
हमलावरों ने दी धमकी
सुभाष चौक के पास मौजूद लोगों ने बताया कि युवक काले रंग की कार में थे। वह गाली-गलौज कर लगातार धमकी दे रहे थे। वह खुद को डॉन बता रहे थे। उन्होंने अन्य लोगों से अभद्रता की। बचाव में आए लोगों से भी गलत व्यवहार किया। इस दौरान काफी भीड़ एकत्रित हो गई थी।
फोटो :46: सुभाष चौक के पास हुई मारपीट की घटना के दौरान लगी भीड़। संवाद