Una News: बारिश से फसलें प्रभावित, नाले में बहा ऑटो


ऊना/दौलतपुर चौक। जिले में बरसात का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऊना सहित आसपास के क्षेत्रों में शनिवार सुबह से हुई बारिश मौसम को ठंडक भर गई। ऊना मुख्यालय में शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह तक 53.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन के पास नाले में बारिश के पानी का उफान काफी रौद्र रूप धारण कर गया। रेलवे स्टेशन के साथ सटे नाले को पार करते समय पानी के तेज बहाव के बीच थ्री व्हीलर एक ऑटो बह गया। इस हादसे में थ्री व्हीलर चालक बाल-बाल बचा। बारिश के कारण जिले में मक्की की फसल का कटान अब मुश्किलों भरा हो गया है। खेतों में जलभराव के बीच फसल की कटाई किसान नहीं कर पा रहे हैं। दूसरी ओर आलू की फसल को भी खेतों में जमा अधिक पानी सड़न की ओर धकेल रहा है। इससे किसान चिंतित हैं। शनिवार सुबह क्षेत्र में सुबह तेज बारिश होने से उक्त नाले में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया। विजय कुमार, पुत्र तिलक राज, निवासी बबेहड़ सुबह करीब 8:00 बजे दिल्ली–दौलतपुर चौक ट्रेन से सवारी लेने रेलवे स्टेशन गया। जब उसे ट्रेन से कोई सवारी नहीं मिली तो वह वापस लौट रहा था कि अचानक स्टेशन के साथ नाले को पार करते समय ऑटो पानी के तेज बहाव में बह गया। हालांकि इस समय नाले के पानी में कई अन्य वाहन भी जान हथेली पर लेकर पार कर रहे थे, लेकिन विजय इसमें फंस गया। प्रभावित ऑटो चालक विजय कुमार ने बताया कि घर की रोजी रोटी चलाने के लिए सात महीने पहले कर्ज लेकर थ्री व्हीलर लिया था। लेकिन पानी में बहने से थ्री व्हीलर का इंजन सीज हो गया है। इंजन की मरम्मत करवाने के लिए उसके पास कुछ भी नहीं है। विजय कुमार ने सरकार से आर्थिक मदद की मांग भी की है। बारिश के चलते अब जिले में मौसम ठंड की ओर अग्रसर है। शनिवार को ऊना का तापमान 31.6 एवं न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम समन्वयक विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को मौसम साफ रहने की संभावना है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *