श्रीलंका बनाम भारत: रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में पूरे किए 10,000 रन, जानिए उनके आंकड़े


श्रीलंका बनाम भारत: रोहित शर्मा दूसरे सबसे तेज 10,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने, जानिए आंकड़े



खेलकूद

September 12, 2023 | 03:31 pm
1 मिनट में पढ़ें

रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में 10,000 रन पूरे कर लिए हैं (तस्वीर: एक्स/@ImRo45)

एशिया कप 2023 के सुपर-4 चरण के मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम आमने-सामने हैं।

इस मुकाबले में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है।

उन्होंने वनडे क्रिकेट में 10,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह ऐसा करने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज बने हैं। रोहित के नाम वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर (264) भी है।

ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रोहित से पहले ये भारतीय खिलाड़ी कर चुके हैं यह कारनामा 

वनडे क्रिकेट में भारत के लिए रोहित से पहले सिर्फ 5 खिलाड़ियों ने 10,000 रन वनडे रन बनाए थे।

सचिन तेंदुलकर (18,426), विराट कोहली (13,024), सौरव गांगुली (11,221), राहुल द्रविड़ (10,768) और महेंद्र सिंह धोनी (10,599) ने ये कारनामा किया था।

रोहित को श्रीलंका के खिलाफ 10,000 रन पूरे करने के लिए 22 रन चाहिए थे। रोहित से पहले विश्व में 14 ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने वनडे में 10,000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।

रोहित दूसरे सबसे तेज 10,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज

रोहित 10,000 रन पूरा करने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं। सचिन ने 259 पारियों में यह किया था। रोहित ने 241 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। पहले स्थान पर कोहली हैं। उन्होंने 205 पारियों में 10,000 रन पूरे किए थे।

विश्व क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों पर एक नजर 

भारत के 6 खिलाड़ियों के अलावा विश्व क्रिकेट में 9 और दिग्गज बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे क्रिकेट में 10,000 या उससे ज्यादा रन बनाए हैं।

कुमार संगाकारा (14,234), रिकी पोंटिग (13,704), सनथ जयसूर्या (13,430), महेला जयवर्धने (12,650), इंजमाम उल हक (11,739), जैक कैलीस (11, 579), क्रिस गेल (10,480), ब्रायन लारा (10,405) और तिलकरत्ने दिलशान (10,290) ये उपलब्धि पहले हासिल कर चुके हैं।

सचिन के नाम वनडे में सबसे ज्यादा रन (18,426) और सबसे ज्यादा शतक (49) है।

वनडे क्रिकेट में ये बड़े रिकॉर्ड भी है रोहित के नाम 

वनडे क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर (264) रोहित के ही नाम है। यह दुनिया के किसी भी सलामी बल्लेबाज का वनडे में सबसे बड़ा स्कोर है।

रोहित ने साल 2019 के विश्व कप में लगातार 3 शतक जड़े थे। इंग्लैंड के खिलाफ 102, बांग्लादेश के खिलाफ 104 और श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 103 रन बनाए थे।

एक पारी में चौके और छक्कों की मदद से सबसे ज्यादा (186) रन बनाने का रिकॉर्ड भी रोहित के नाम है।

कैसा रहा है रोहित का वनडे करियर?

रोहित ने भारतीय टीम के लिए 248 वनडे मैच खेले हैं। इसकी 241 पारियों में उन्होंने 48.00 से ज्यादा की औसत के साथ 10,000 से ज्यादा रन बनाए हैं।

उन्होंने लगभग 90 की स्ट्राइक रेट और 264 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 30 शतक और 50 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित वनडे क्रिकेट में 37 बार नाबाद भी रहे हैं।

उन्होंने अपना पहला वनडे मैच आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2007 में खेला था।

न्यूजबाइट्स प्लस 

रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2018 का एशिया कप जीता था। वह एशिया कप टूर्नामेंट के वनडे फॉर्मेट में आज तक एक भी मुकाबला नहीं हारे हैं। साल 2023 में उन्होंने पहले नेपाल को हराया और सुपर-4 में पाकिस्तान को मात दी।


इस खबर को शेयर करें


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *